भागलपुर में शिक्षकों का आक्रोश, बकाया वेतन को लेकर शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के सामने आमरण अनशन » Recent Bihar

BHAGALPUR: भागलपुर में जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने शनिवार को शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय आमरण अनशन किया। शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से वेतन भुगतान में हो रही देरी के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई शिक्षकों का चार से छह महीने तक का वेतन लंबित है, जिससे उनके सामने परिवार चलाने की समस्या उत्पन्न हो गई है।

अनशन पर बैठे शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को तत्काल पूरा नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी मनमानी कर रहे हैं और उनकी समस्याओं के प्रति उदासीन बने हुए हैं। शिक्षकों ने कहा कि कई बार आवेदन और ज्ञापन देने के बावजूद उनकी परेशानी का समाधान नहीं किया जा सका, जिसके कारण उन्हें आमरण अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा।अनशन स्थल पर जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने भी शिक्षकों का समर्थन किया।

संघ के प्रधान सचिव मुकेश आनंद ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से शिक्षकों की स्थिति दयनीय हो गई है। वहीं, संघ के अध्यक्ष राणा कुमार झा ने कहा कि बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो जिलेभर के शिक्षक बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे। शिक्षकों ने सरकार और विभाग से तत्काल वेतन जारी करने की मांग की है ताकि उनके परिवारों पर चल रहा आर्थिक संकट समाप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *