रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर
BHAGALPUR: भागलपुर जिला अंतर्गत मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के भतोड़िया गांव के कुशवाहा टोला में मंगलवार की देर शाम एक युवक ने नशीला पदार्थ खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले गए, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायल युवक की पहचान मोनू कुमार(26) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोनू की पत्नी ने उससे 50 रुपए की मांग की थी। पैसा नहीं देने पर वह नाराज़ होकर मायके चली गई। इसके बाद मोनू ने जहर खा लिया। बताया जा रहा है कि मोनू पर काफी कर्ज है, जिससे वह अक्सर डिप्रेशन में रहता है। वह नाश्ते की दुकान में मजदूरी करता था, जबकि उसकी पत्नी दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करके घर चलाती थी।
लोगों ने आगे कहा कि मोनू नशीले पदार्थों का आदी था, जिस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते मोनू ने घर में रखे फसल में डालने वाले खाद्य पदार्थ का सेवन कर लिया। फिलहाल, उसका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष सफदर अली ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है।
