भागलपुर में महागठबंधन का केंद्रीय कार्यालय का हुआ उद्घाटन, अजीत शर्मा बोले – अब युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा

BHAGALPUR: भागलपुर विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच गुरुवार को भागलपुर के कचहरी चौक के समीप महागठबंधन के केंद्रीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा के साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष परवेज जमाल, कांग्रेस नेता राकेश शर्मा, राजेश सिंह, प्रवीण कुमार, मिंटू कुरैशी, राजद के वरिष्ठ नेता तिरुपति यादव, राजद महिला जिला अध्यक्ष सीमा जायसवाल समेत महागठबंधन के सभी घटक दलों के जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और राजद सहित महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। उद्घाटन समारोह में माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में डूबा रहा और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का संकल्प लिया। मंच पर संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा ने कहा कि इस नए कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि भागलपुर में हमारी लड़ाई किसी दल या व्यक्ति से नहीं, बल्कि जनता के विकास के लिए है।उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है और जनता बदलाव के मूड में है।

अजीत शर्मा ने कहा कि सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार के लिए अब राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि बिहार में ही रोजगार और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और भागलपुर में विकास, रोजगार और एकता के मुद्दे पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *