भागलपुर: स्विट्जरलैंड से ‘गंगा विलास क्रूज’ द्वारा सुल्तानगंज पहुंचे विदेशी भक्त, शिल्पकृतियों और मूर्तियों को देखकर हुए मंत्रमुग्ध

BHAGALPUR: भागलपुर के सुलतानगंज में गंगा तट स्थित प्रसिद्ध अजगैवीनाथ धाम शुक्रवार को विदेशी सैलानियों की मौजूदगी से गुलजार रहा। स्विट्जरलैंड से आए 20 पर्यटकों का जत्था “गंगा विलास क्रूज” से जलमार्ग होते हुए सुलतानगंज पहुंचा। क्रूज से उतरने के बाद सभी पर्यटक उत्साहपूर्वक अजगैवीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा अजगैवीनाथ के प्रसिद्ध शिवलिंग का दर्शन और पूजन किया।सैलानियों ने मंदिर परिसर में पूजा-पाठ में गहरी रुचि दिखाई। “जय भोलेनाथ”, “बोल बम” और “ओम नमः शिवाय” के जयकारों से जब मंदिर प्रांगण गूंज उठा, तो विदेशी सैलानी भी श्रद्धा भाव से इन नारों को दोहराते नजर आए। कई सैलानी साधु-संतों से सनातन परंपरा और शिव आराधना की जानकारी लेते दिखे।

मंदिर की स्वच्छता और व्यवस्था से प्रभावित होकर स्विस सैलानियों ने स्थानीय प्रशासन और पुजारियों की सराहना की। भ्रमण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में बनी नई सीढ़ी घाट पुल का भी निरीक्षण किया और घाट किनारे कांवरिया सामग्री, पूजन सामग्री, बेलपत्र, फूल व वस्त्र बेचने वाले दुकानदारों से बातचीत की।इसके बाद सभी पर्यटक अजगैवीनाथ पहाड़ियों की ओर गए, जहां प्राचीन काल में की गई शिल्पकृतियों और देवी-देवताओं की मूर्तियों को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए।

सैलानियों ने अपने कैमरे में मंदिर परिसर और गंगा तट की अद्भुत झलकियां कैद कीं। स्विट्जरलैंड की पर्यटक कैटरीन मारिया अखमेथ ने कहा कि “यहां के लोग बेहद मिलनसार हैं। उन्होंने कहा कि गंगा किनारे का दृश्य और मंदिर की आध्यात्मिकता दिल को छू लेने वाली है। यहां कई बार आने का मन करेगा।” स्थानीय गाइड ने सैलानियों को अजगैवीनाथ धाम के धार्मिक महत्व, श्रावणी मेले और यहां होने वाले कांवरिया यात्राओं की जानकारी दी। सैलानियों ने गंगा तट की प्राकृतिक सुंदरता और भारतीय संस्कृति की गहराई को देखकर कहा कि “भारत की आध्यात्मिक धरोहर वाकई अद्वितीय है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *