भागलपुर में दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। मतदान समाप्ति के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जिलेभर में मतदान सकुशल पूरा हुआ और इस बार मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने बताया कि भागलपुर जिले में कुल 67.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो पिछली बार की तुलना में अधिक है। विधानसभा-वार प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार बिहपुर में 65.58 प्रतिशत, गोपालपुर में 69.19 प्रतिशत, पीरपैंती में 71.70 प्रतिशत, कहलगांव में 73.12 प्रतिशत, भागलपुर में 57.15 प्रतिशत, सुल्तानगंज में 65.65 प्रतिशत तथा नाथनगर में 71.55 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस बार भागलपुर जिले के 7 विधानसभा सीटों पर कल 82 उम्मीदवार मैदान में थे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने बताया कि पूरे जिले में मतदान प्रक्रिया बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
प्रशासनिक टीम और पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं रही।जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि मतगणना के लिए दो केंद्र — पॉलिटेक्निक कॉलेज बरारी और महिला आईटीआई — निर्धारित किए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गणना कार्य संपन्न होगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने मतदाताओं और चुनाव कर्मियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि भागलपुर ने एक बार फिर लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाया है।
