पटना डेस्क । 18वीं बिहार विधानसभा के गठन को लेकर भागलपुर जिले में खासा उत्साह और चर्चा का माहौल देखा जा रहा हैा जिले की सातों विधानसभा सीटों – बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती, कहलगांव, नाथनगर, सुल्तानगंज और भागलपुर सदर पर एनडीए ने एकतरफा जीत दर्ज की। जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह देखने को मिला।
पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री समेत 27 मंत्रियों ने शपथ ली। नीतिश कुमार के नेत़ृत्व में गठित मंत्रीमंडल में जदयू कोटे से 8 मंत्री, भाजपा कोटे से 14 मंत्री, लोजपा रामविलास से 2, हम से 1 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी (RLM) से 1 मंत्री बनाए गए हैं, इस मंत्रीमंडल में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाने की कोशिश तो की गई है किंतु भागलपुर से किसी भी विधायक को मंत्री नहीं बनाया गया है। सातों सीटों पर जीत के बाद भी भागलपुर को सरकार में प्रतिनिधित्व नहीं मिलना कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए निराशाजनक रहा। जिले के किसी विधायक को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिलने पर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
आख़िरी बार भागलपुर कौन बने मंत्री
आखिरी बार भागलपुर से अश्विनी कुमार चौबे वर्ष 2005 से 2010 तक नगर विकास एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री और 2010 से 2013 तक स्वास्थ्य मंत्री रहे। वर्ष 2014 में वे बक्सर से सांसद चुने गए और 2017 में केंद्र सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री बने। उसके बाद से भागलपुर जिले को बिहार कैबिनेट मंत्रिमंडल में कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिला।
जदयू प्रवक्ता ने कहा
जदयू प्रवक्ता शैलेंद्र तोमर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जदयू ने भागलपुर को हमेशा सम्मान दिया है। गुरुवार को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली, लेकिन आने वाले समय में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा और जदयू कोटे से भागलपुर को मंत्री पद मिल सकता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा
इस मामले पर जिलाध्यक्ष संतोष शाह ने कहा कि भागलपुर की सभी सात विधानसभा सीटें NDA ने जीती हैं। हमने पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि भागलपुर को भी मंत्री पद दिया जाए। हमें विश्वास है कि पार्टी के वरिष्ठ अधिकारी आगामी दिनों में भागलपुर से मंत्री बनाएंगे।”
भागलपुर जिले की सातों विधानसभा सीट पर एनडीए का कब्जा
गौरतलब है कि भागलपुर जिले की सातों विधानसभा सीट एनडीए गठबंधन ने जीती हैा
- बिहपुर: बीजेपी के कुमार शैलेंद्र ने 91458 (+ 30025) वोटों से जीत दर्ज की। वीआईपी की अर्पणा कुमारी 61433 ( -30025) वोटों से चुनाव हार गईं।
- गोपालपुर: जेडीयू के शैलेष कुमार उर्फ बुलो मंडल 108630 (+ 58135) वोटों से जीते। वीआईपी के प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव 50495 ( -58135) वोटों से हार गए।
- पीरपैंती (SC): बीजेपी के मुरारी पासवान ने 140608 (+ 53107) वोटों से जीत दर्ज की। वहीं, आरजेडी के रामविलास पासवान 87501 ( -53107) वोटों से हारे।
- कहलगांव: जेडीयू के शुभानंद मुकेश 130767 (+ 50112) वोटों से जीते। आरजेडी के रजनीश भारती 80655 ( -50112) वोटों से चुनाव हारे।
- भागलपुर: बीजेपी के रोहित पाण्डेय ने 100770 (+ 13474) वोटों से जीत दर्ज की। कांग्रेस के अजीत शर्मा 87296 ( -13474) वोटों से चुनाव हार गए।
- सुल्तानगंज: जेडीयू के ललित नारायण मंडल 108712 (+ 31136) वोटों से जीते। आरजेडी के चंदन कुमार उर्फ चंदन कुमार सिन्हा 77576 ( -31136) वोटों से हारे।
- नाथनगर: एलजेपी (रामविलास) के मिथुन कुमार ने 118143 (+ 25424) वोटों से विजय हासिल की। वहीं, आरजेडी के शेख जियाउल हसन 92719 ( -25424) वोटों से हारे। (स्रोत : चुनाव आयोग )
