- पूर्वी भारत के 70+ विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद और 20+ विशेषज्ञ वक्ता भाग लेंगे
- मुख्य विषय: उच्च शिक्षा संस्थानों में सतत विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना।
- AKU के कुलपति प्रो. डॉ. शरद कुमार यादव ने बताया कि स्टेम सेल टेक्नोलॉजी, खगोल विज्ञान व दर्शनशास्त्र जैसे नए स्कूल शुरू किए गए।
रिपोर्ट – दुर्गेश कुमार, पटना
PATNA: बिहार की राजधानी पटना में पहली बार एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) के ईस्ट जोन कुलपति सम्मेलन 2025-26 का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन 22 और 23 दिसंबर 2025 को आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय ( Aryabhatta Knowledge University ), पटना की मेजबानी में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को बिहार के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य विषय “उच्च शिक्षा संस्थानों में सतत विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना” रखा गया है। इसमें पूर्वी भारत के 70 से अधिक विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद और नीति विशेषज्ञ भाग लेंगे।
उद्घाटन सत्र में बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी विशिष्ट अतिथि रहेंगे। सम्मेलन के दौरान सतत विकास लक्ष्य, सामाजिक उत्तरदायित्व, डिजिटल तकनीक, अनुसंधान एवं नवाचार, स्वदेशी तकनीक और स्टेम सेल टेक्नोलॉजी जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय ( Aryabhatta Knowledge University ) के कुलपति प्रो॰ डॉ. शरद कुमार यादव ने जानकारी दी कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परिकल्पना के अनुरूप शैक्षणिक सत्र 2025–26 से विश्वविद्यालय में स्टेम सेल टेक्नोलॉजी, एस्ट्रोनॉमी (खगोल विज्ञान) एवं दर्शनशास्त्र जैसे नए स्कूल प्रारंभ किए गए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षकों को विजिटिंग फैकल्टी के रूप में जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बैठक न केवल आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, बल्कि बिहार को भी राष्ट्रीय उच्च शिक्षा के मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगी। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) के ईस्ट जोन कुलपति सम्मेलन 2025-26 का मुख्य विषय उच्च शिक्षा संस्थानों में सतत विकास एवं सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम में देश के पूर्वी क्षेत्र की 70 से अधिक विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं वरिष्ठ शिक्षाविद भाग ले रहे हैं। बैठक में 20 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता शामिल होंगे, जिनके द्वारा सतत विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व, शोध एवं नवाचार, डिजिटल तकनीक तथा सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विमर्श किया जाएगा।
AIU के महासचिव डॉ. (श्रीमती) पंकज मित्तल के अनुसार, इस तरह के आयोजन शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शोध को बढ़ावा देने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए विश्वविद्यालयों को तैयार करने में सहायक होते हैं। यह सम्मेलन बिहार और पूर्वी भारत में उच्च शिक्षा के भविष्य को नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा।
