Bihar: चाय दुकान की आड़ में चल रहा था अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट, पुलिस कार्रवाई में 6 गिरफ्तार

BIHAR: पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का खुलासा किया है. यहां चाय की दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार किया जा रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस की रेड के दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए. इसमें 545 ग्राम स्मैक और 558 ग्राम चरस शामिल है. इसके साथ ही आरोपियों के पास से करीब 12 लाख रुपये नकद, सोना और चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस ने छापेमारी कर जब्त किए हथियार
पुलिस के अनुसार, यह अवैध संपत्ति ड्रग्स के कारोबार से ही बनाई गई थी. छापेमारी में सुरक्षा के लिए रखे गए हथियार भी मिले हैं. पुलिस ने एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक पिस्टल की मैगजीन जब्त की है. इससे साफ है कि आरोपी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी में रहते थे.

नेपाल तक फैला हुआ है ड्रग्स रैकेट का नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि इस ड्रग्स रैकेट का नेटवर्क नेपाल तक फैला हुआ है. आरोपी बाहर से नशीला माल मंगवाते थे और फिर उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर बेचते थे. हैरानी की बात यह है कि इस अवैध कारोबार में पूरा परिवार शामिल था और घर से ही ड्रग्स की सप्लाई की जाती थी.

युवा पीढ़ी को निशाना बनाया करता था गिरोह
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के तार बिहार के कई जिलों और देश के अन्य राज्यों से जुड़े हुए हैं. यह गिरोह खासतौर पर युवा पीढ़ी को अपना निशाना बनाता था.

पूरे मामले पर पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पुलिस ड्रग्स के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *