10–15 लाख की डील! भागलपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय सॉल्वर–अपहरण गिरोह को किया बेनकाब

BHAGALPUR: भागलपुर में दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा देने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आए 19 वर्षीय छात्र करण सिंह के कथित अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भागलपुर पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए महज़ ढाई घंटे के भीतर छात्र को सकुशल बरामद कर लिया।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय सॉल्वर–अपहरण गिरोह का भी पर्दाफाश किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से बिहार के परीक्षा केंद्रों को अपना अड्डा बनाकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से आने वाले प्रतियोगी छात्रों को निशाना बना रहा था। गिरोह परीक्षा में सॉल्वर बैठाने के नाम पर छात्रों और उनके परिजनों से 10 से 15 लाख रुपये तक की अवैध वसूली करता था।

पुलिस ने हबीबपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरारी यादव के मकान के पास छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। चौंकाने वाली बात यह रही कि कथित अपहृत छात्र करण सिंह भी उसी स्थान पर मौजूद मिला। पूछताछ के दौरान सॉल्वर व्यवस्था, गिरोह के नेटवर्क और पैसों की उगाही से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं।फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से परीक्षा माफिया पर बड़ी चोट लगी है और आगे भी ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *