नवगछिया: ढोलबज्जा बाजार में 25 लाख की रंगदारी से मचा हड़कंप, विरोध में पूरी तरह बंद हुआ बाजार

रिपोर्ट – मनीष कुमार मौर्य, नवगछिया

NAUGACHIA:  ढोलबज्जा बाजार में पांच व्यवसायियों से करीब 25 लाख की रंगदारी मांगे जाने पर वहां आक्रोशित लोगों ने गुरुवार को बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि यह रंगदारी जेल में बंद कुख्यात अपराधी छोटुवा यादव के द्वारा मांगा गया है। जिससे व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। बाजार वासियों ने सुबह से हीं अपनी सभी दुकानें बंद कर गांधी चौक समीप धरने पर बैठ गए। लोग पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों बता रहे थे कि रंगदारी मांगे जाने की सूचना पूर्व में हीं ढोलबज्जा थाना को दी गई है लेकिन, अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अपराधियों का गिरोह सक्रिय है। हम व्यवसायियों के साथ अभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है और पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं।

लोग विरोध प्रदर्शन करते हुए थाने का भी घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते दिखे। सभी लोग वरीय पुलिस पदाधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते हीं नवगछिया इंस्पेक्टर के साथ कदवा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों को शांत करने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन, लोग मानने को तैयार नहीं थे। सभी ने एसपी को बुला कर ठोस आश्वासन देने की मांग कर रहे थे। व्यवसायियों ने पुलिस को बताया कि बीते 10 जनवरी को बिना नंबर प्लेट वाली ब्लू रंग की R15 बाइक पर सवार दो अज्ञात लोग मेरे दुकान पर आए और उन्होंने अपने मोबाइल फोन से अज्ञात लोगों से बात कराया। जिसमें कहा गया कि हम छोटुवा यादव बोल रहे हैं। मेरे बताए निश्चित ठिकाने पर पांच-पांच लाख रुपए पहुंचा दो। नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।

पांच व्यवसायियों में तीन ने दे चुके पैसे- मालूम हो कि ढोलबज्जा बाजार में छोटुवा यादव गिरोह द्वारा पांच व्यवसायियों से पांच-पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगे जाने पर वहां के तीन व्यवसायियों ने दहशत में आकर  दो-दो लाख कर करीब छ: लाख रुपए की बतौर रंगदारी पहुंचा भी चुके हैं। जो पुलिस के लिए एक बड़ी सुराग बन सकती है।

धरना स्थल पहुंचे गोपालपुर विधायक- ढोलबज्जा बाजार में कुख्यात अपराधी छोटुवा यादव के माध्यम से रंगदारी मांगे जाने के विरोध में धरने पर बैठे व्यवसायियों की सूचना मिलते हीं गोपालपुर विस के विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, नवगछिया प्रमुख प्रतिनिधि मानकेश्वर सिंह उर्फ मंटू, जिप नंदनी सरकार, मुखिया सच्चिदानंद यादव, पूर्व मुखिया मुन्ना मंडल, सरपंच सुशांत कुमार के साथ अन्य लोग भी पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने वर्तमान थानाध्यक्ष को हटाकर पूर्व थानाध्यक्ष प्रभात कुमार को प्रतिनियुक्त करने की मांग कर रहे थे। प्रभात कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कह रहे थे कि जब तक वह ढोलबज्जा थानाध्यक्ष के रूप में रहे तब तक हम लोग अमन-चैन से जी रहे थे। उसके जाने के बाद फिर से ढोलबज्जा में बड़े पैमाने पर अवैध शराब व स्मैक जैसे सूखा नशा का कारोबार बढ़ गया है। जिसके आगोश में अपराधियों और नवयुवक छोटे-बड़े घटना को अंजाम दे रहे हैं।

बोले विधायक बुलो मंडल- गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने प्रदर्शनकारियों शांत करते हुए अपील किया कि यह सुशासन की सरकार है। यदि कोई अपराधी इस तरह की बात सोच रहे हैं तो, उसे वहीं दफना दिया जाएगा। आप लोगों ने बाजार बंद कर जिस तरह से अपनी बातों को रखे हैं, हमें सुरक्षा और संरक्षा चाहिए तो इसके लिए प्रशासन सक्रिय है। पुलिस ने तीन दिनों का समय मांगा है। पुलिस को काम करने का मौका दिजिए जल्द हीं उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *