PATNA: आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय और ट्रांसफॉर्म टेक प्राइवेट लिमिटेड, सुलूर (कोयंबटूर) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते का उद्देश्य छात्रों के लिए “Python प्रोग्रामिंग एवं व्यवसायिक अनुप्रयोगों में जनरेटिव एआई” विषय पर एक विशेष निःशुल्क अपस्किलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का संयुक्त रूप से आयोजन एवं संचालन करना है। इस कार्यक्रम का लक्ष्य छात्रों को Python प्रोग्रामिंग की मजबूत बुनियाद प्रदान करना तथा उन्हें वास्तविक व्यावसायिक परिदृश्यों में जनरेटिव एआई के उपयोग का व्यावहारिक ज्ञान देना है। प्रशिक्षण के अंतर्गत उद्योग-उन्मुख मॉड्यूल, प्रायोगिक लैब सत्र और परियोजना-आधारित शिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताएं:
- Python प्रोग्रामिंग की आधारभूत एवं उन्नत अवधारणाएं
- Python के माध्यम से डेटा हैंडलिंग एवं प्रोसेसिंग
- जनरेटिव एआई की अवधारणाएं एवं आधुनिक टूल्स
- व्यवसाय में जनरेटिव एआई के व्यावहारिक अनुप्रयोग
- कैपस्टोन/मिनी प्रोजेक्ट्स
- मूल्यांकन एवं प्रमाणन
समझौते के अनुसार, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय प्रशिक्षण हेतु आवश्यक कक्षाएं और लैब उपलब्ध कराएगा, छात्रों के नामांकन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएगा तथा कार्यक्रम के संचालन में सहयोग करेगा। वहीं ट्रांसफॉर्म टेक प्राइवेट लिमिटेड प्रशिक्षण मॉड्यूल की रूपरेखा तैयार करेगा, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा, अध्ययन सामग्री प्रदान करेगा, प्रायोगिक सत्र संचालित करेगा तथा सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान करेगा। कंपनी उद्योग से जुड़े अनुभव और करियर मार्गदर्शन भी साझा करेगी।
इस अवसर पर आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. शरद कुमार यादव, सहायक कुलसचिव प्रमोद कुमार तथा ट्रांसफॉर्म टेक प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ डॉ॰ के॰ सेन्थिल गणेश उपस्थित थे।
