Bihar Weather Update: कमजोर पड़ा मानसून, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान; 15 जिलों में वज्रपात का अलर्ट

BIHAR WEATHER: बिहार में मानसून का प्रभाव कमजोर पड़ने और बारिश में कमी आने के कारण एक बार फिर उमस भरी गर्मी का असर बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी पटना समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, 15 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। ऐसे में लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

28 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 जुलाई को बिहार के गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली और पश्चिम चंपारण जिले में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई.

जहानाबाद में सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। जहानाबाद में सर्वाधिक 4.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शेखपुरा में 3 मिमी, पटना जिले के बाढ़ में 2.2 मिमी और वैशाली में 0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

पटना का तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस
रविवार को पटना समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, 38.0 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

पटना और आसपास के इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच तेज धूप देखने को मिली। इसके कारण वातावरण में उमस बढ़ी रही और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *