रिपोर्ट – दुर्गेश कुमार, पटना
PATNA: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने बिहार के विकास, शिक्षा, रोजगार, किसानों और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण संकल्पों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ऐलानों में विद्यार्थियों के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत प्रमुख रही। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 17 अगस्त से पूरे बिहार में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं शिक्षा और अपनी अन्य समस्याओं से जुड़ी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। सरकार ने इन शिकायतों का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है।
परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया। परीक्षाओं को सुचारु, पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति का गठन किया जाएगा। वहीं, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए एक उच्चस्तरीय समिति भी गठित की जाएगी।
रोजगार के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार का दावा है कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
किसानों के लिए भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा की। गन्ना किसानों के हित में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, 10 चीनी मिलों की शुरुआत हो चुकी है, जबकि अगले छह महीनों में 5 और चीनी मिलें शुरू की जाएंगी।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मोकामा में 10 एकड़ भूमि पर तिरुपति बालाजी ट्रस्ट द्वारा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर के निर्माण की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 करोड़ बिहारवासियों की सामूहिक शक्ति, युवाओं की ऊर्जा, किसानों की मेहनत और माताओं-बहनों के संकल्प से बिहार को विकसित भारत के साथ एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाया जाएगा।
इन घोषणाओं में विद्यार्थियों के लिए 17 अगस्त से शुरू होने वाला ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी और 30 दिनों के भीतर समाधान का लक्ष्य रखा गया है।
